कलाकेंद्र से माल रोड तक साज-सज्जा तेज, रंग-बिरंगी लाइट्स से जगमगाएगा ढालपुर मैदान
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के आगाज से पहले ऐतिहासिक ढालपुर मैदान दुल्हन की तरह सजने लगा है। उत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए दशहरा उत्सव कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ढालपुर के प्रमुख स्थलों से लेकर कलाकेंद्र और माल रोड तक साज-सज्जा का काम जोरों पर चल रहा है। मैदान के चारों ओर रंग-बिरंगी लडिय़ां लगाई जा रही हैं, जिससे उत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगाएगा। दशहरा उत्सव के लिए ढालपुर मैदान हर साल देश.विदेश से आने वाले पर्यटकोंए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र रहता है।
ऐसे में उत्सव कमेटी मैदान और आसपास के क्षेत्रों को सजाने में जुट गई है। कलाकेंद्र में भी सजावट का कार्य किया जा रहा है। वहीं, माल रोड सहित ढालपुर के विभिन्न हिस्सों में उत्सव का माहौल तैयार करने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मैदान के चारों तरफ लगाई जा रही लडय़िां रात के समय ढालपुर की खूबसूरती में चार चांद लगाएंगी। उत्सव के दौरान यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमोंए देवी.देवताओं के आगमन और विभिन्न गतिविधियों के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में रोशनी और सजावट से सजा ढालपुर लोगों को उत्सव की भव्यता का एहसास करवाएगा।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव 21 से 27 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। उत्सव में भाग लेने के लिए सैकड़ों देवी-देवताओं के आगमन की परंपरा है। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों के चलते ढालपुर में सात दिनों तक रौनक बनी रहेगी। उत्सव के नजदीक आते ही तैयारियों में तेजी आ गई है और अब ढालपुर को सजाने-संवारने का काम साफ नजर आने लगा है।