किछौछा शरीफ के मुर्शिद का इंतकाल, सूफी समुदाय में गम का माहौल
उलेमा और सूफी संतों ने जताया दुख
किछौछा मुक़द्दसा। बड़े ही अफसोस के साथ यह खबर दी जा रही है कि शहज़ादे हुज़ूर सरकार-ए-कलां हज़रत सैय्यद अली अशरफ अशरफी वल जीलानी का आज दोपहर 2:30 बजे इंतकाल हो गया। उनके निधन से सूफी सिलसिले और धार्मिक जगत में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। हज़रत सैय्यद अली अशरफ अशरफी वल जीलानी का ताल्लुक सिलसिला-ए-अशरफिया से था और वे किछौछा शरीफ, उत्तर प्रदेश में स्थित हज़रत मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी रहमतुल्लाह अलैह के खानदान से थे। उनकी पूरी ज़िंदगी इस्लाम और इंसानियत की खिदमत में गुज़री। उनके बताए रास्ते पर लाखों लोग चल रहे हैं और उनका आध्यात्मिक एवं धार्मिक योगदान अनुकरणीय रहेगा।
अंतिम दर्शन और नमाज़-ए-जनाज़ा की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, हज़रत सैय्यद अली अशरफ अशरफी वल जीलानी के अंतिम दर्शन के लिए देशभर से मुरीदों, अनुयायियों और चाहने वालों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। उनके इंतकाल की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग किछौछा मुक़द्दसा दरगाह की तरफ रवाना हो गए हैं। नमाज़-ए-जनाज़ा और अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी। उनके निधन से देश-विदेश के सूफी संतों, उलमा और मुरीदों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके अनुयायी उन्हें एक महान आध्यात्मिक गुरु और रहबर के तौर पर हमेशा याद रखेंगे। अल्लाह तआला हज़रत को जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता फरमाए और उनके मुरीदों व चाहने वालों को सब्र दे।