साइबर ठगी...दुनिया के सबसे अमीर शख्स Elon Musk के नाम का इस्तेमाल, मचा हड़कंप
पढ़ें पूरी खबर.
सांकेतिक तस्वीर
नई दिल्ली: साइबर ठगी का एक नया केस मुंबई से सामने आया है, जहां एक महिला को साइबर ठगों ने 'Elon Musk' का नाम यूज करके शिकार बनाया है. ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, Tesla CEO एलॉन मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं. वह अक्सर सुर्खियों में रहते हैं.
ईस्ट रीजन साइबर पुलिस स्टेशन ने 20 जनवरी को एक कंप्लेंट दर्ज की है. अज्ञात लोगों पर आरोप है कि उन्होंने धोखाधड़ी और पहचान का गलत इस्तेमाल किया है. पुलिस कंप्लेंट के मुताबिक, विक्टिम महिला के साथ अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच कुल 16.34 लाख रुपये की ठगी की गई.
आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पुराना नाम Twitter) पर महिला से बातचीत की. शख्स ने खुद को दुनिया के सबसे अमीर शख्स Elon Musk बताया. इसके बाद आरोपी ने महिला से एक ऐप डाउनलोड करने को कहा. इसके बाद दोनों के बीच में चैटिंग होने लगी.
फिर आरोपी ने विक्टिम महिला को अमेरिका ले जाने और एक अच्छा जीवन देने का झांसा दिया. विक्टिम महिला साइबर ठगों के झांसे में गईं और आरोपी की बातों पर यकीन कर लिया. आरोपी ने विक्टिम महिला से कहा कि वह टिकट और वीजा के लिए जेम्स नाम के शख्स से बातचीत कर ले. इसके बाद जेम्स से बातचीत हुई और फिर खर्चे के नाम महिला से कई लाख रुपयों की मांग की गई.
इसके बाद समय-समय पर जेम्स ने पीड़िता से ऐमेजॉन गिफ्ट कार्ड खरीदकर उनके कोड शेयर करने को कहा. इसके लिए वह लगातार दावा करता है कि इससे प्रोसेस तेज हो जाएगा. साइबर ठग जेम्स ने 2 लाख रुपये एक्स्ट्रा की मांग की तो महिला को शक हुआ. इसके बाद महिला के पास एलॉन मस्क बनकर चैटिंग कर रहे शख्स ने भी कॉन्टैक्ट ब्लॉक कर दिया.
पूरे मामले की जानकारी पीड़िता ने अपने माता-पिता को दी, जिन्होंने उसे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.