खाते से साइबर अपराधियों ने उड़ाए 51 लाख रुपए, बुरी तरह घबराई रिटायर्ड महिला टीचर

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Update: 2024-03-18 03:41 GMT
सांकेतिक तस्वीर
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अब तक का सबसे बड़ा साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला की पूरी जीवन की कमाई को लूट लिया। महिला रिटायर्ड टीचर हैं। दरअसल, सीपी कॉलोनी की रहने वाली आशा भटनागर को गिरफ्तारी और 24 एफआईआर का डर दिखाकर ठगों ने 51 लाख रुपए उनके खाते से उड़ा लिए। ठगी के दौरान आरोपियों ने वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग महिला का पूरा घर चेक किया। ठगों ने उन्हें इस दौरान किसी से भी बात नहीं करने दिया। इस घटना के बाद आशा भटनागर काफी डरी हुई हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
दरअसल, रिटायर्ड टीचर आशा भटनागर अपने घर पर अकेली रहती हैं। उनका बेटा अमेरिका में नौकरी करता है। आशा ने बताया कि 15 मार्च को उनके पास एक अनजान महिला का फोन आया जिसने खुद को सुनीता बताते हुए कहा कि उसके पास मुंबई पुलिस का अरेस्ट वारंट है। इसके बाद वह महिला उन्हें गिरफ्तार करने की धमकी देने लगी। एफआईआर की वजह पूछने पर आरोपी महिला ने बताया कि आपके नाम से मुंबई में एक सिम खरीदी गई है और उस नंबर से छोटी बच्चियों को अश्लील मैसेज भेजे गए हैं। इस आरोप में आपके खिलाफ 24 एफआईआर दर्ज हैं।
बुजुर्ग महिला को डराने के बाद आरोपियों ने उनसे स्काइप ऐप (वीडियो कॉलिंग ऐप) डाउनलोड करने को कहा। आरोपियों ने महिला से बताया कि मुंबई पुलिस के बड़े अधिकारी आपकी जमानत के लिए वीडियो कॉल के माध्यम से सुनवाई करेंगे। डरी-सहमी आशा भटनागर ठगों की बातों में फंस गईं। उन्होंने पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे से स्काइप पर आईडी बनवाई और साइबर ठगों के पास वीडियो कॉल किया। इस दौरान आरोपियों ने उनका पूरा घर चेक किया।
जाल में फंसाकर साइबर ठगों ने महिला से पैसों की डिमांड की और उन्हें बैंक जाकर एफडी तोड़ने के लिए कहा। इस दौरान महिला बैंक पहुंची और 46 लाख रुपए जालसाजों के खाते में भेज दिया। हैरानी की बात तो यह है कि इस दौरान भी आरोपी महिला से वीडियो कॉल पर जुड़े हुए थे। इस घटना के अगले दिन आरोपियों ने दोबारा फोन कर दूसरे खाते से 5 लाख रुपए और भेजने को कहा। महिला ने ठीक वैसा ही किया जैसा जालसाजों ने कहा। इस तरह दो दिनों के भीतर उन्होंने 51 लाख रुपए जालसाजों को भेज दिया। इस घटना के अगले दिन उन्होंने इसकी जानकारी अपनी बेटी को दी। जब उन्हें पता चला कि उनसे साथ ठगी हुई है तब वह पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags:    

Similar News