एक्सीडेंट जगह में उमड़ी थी भीड़, कार ने रौंदा, 4 की मौत

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-06-11 01:43 GMT
यूपी। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर भलियनपुरवा के पास भीषण हादसा हुआ है। बुधवार की रात करीब 10 बजे दो बाइकों की टक्कर के बाद मदद के लिए जुटे लोगों को एक तेज रफ्तार एसयूवी कार ने रौंद डाला। रफ्तार इतनी तेज थी कि कई लोग दूर छिटक गए। मौके पर ही चार लोगों की ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार, हादसे में सूर्यवंशम पूर्व निवासी गुलशन (25), भलियनपुरवा निवासी हसन मोहम्मद (40) व इम्तियाज अली तथा तरहाटा निवासी संजय कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं, हादसे की चपेट में आने से विनय प्रताप सिंह, तबरेज अली, परवेज, अंशुमान और शनि गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह समेत तमाम जनप्रतिनिधि तुरंत अस्पताल पहुंचे। विधायक ने डॉक्टरों से बात कर घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।घटना की सूचना पर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को पकड़ा गया है उसे चालक बताया जा रहा है। वहीं दुर्घटना कारित करने वाली गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

बताया जाता है कि गोंडा-लखनऊ हाईवे पर दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करने लगे। इसी दौरान लखनऊ की ओर जा रही एसयूवी सड़क पर मदद कर रहे लोगों के टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एसयूवी हादसे के बाद डिवाइडर पार करके दाहिने तरफ सड़क के नीचे पहुंच गई।

Tags:    

Similar News