अभिनेता साहिल खान के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज

मामलें में जांच जारी

Update: 2023-04-19 13:28 GMT

न्यूज़ क्रेडिट: आज तक

मुंबई। मुंबई के जाने-माने बॉडी-बिल्डर और अभिनेता साहिल खान के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आपको बता दें कि साल 2021 में भी साहिल खान और उनके साथ तीन और लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज हुआ था।

अभिनेता साहिल खान मुश्किलों में घिरते नजर आ रह हैं। उन पर एक महिला को सोशल मीडिया पर अश्लील कमेंट करने और आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। एक्टर पर महिला को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगा है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस ने फिलहाल जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक अभिनेता पर मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। इस बारे में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ओशिवारा उपनगर की रहने वाली शिकायतकर्ता के अनुसार, उसका फरवरी 2023 में एक जिम में पैसों को लेकर एक महिला से झगड़ा हुआ था। आरोपी महिला और साहिल खान ने शिकायतकर्ता के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे धमकी दी।
अधिकारी ने यह भी बताया कि आरोपी महिला का शिकायतकर्ता के पति के साथ संबंध था और उसने उसके खिलाफ एक पुलिस स्टेशन में मामला भी दर्ज कराया था। बता दें कि साहिल खान अब तक कई हिंदी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। स्टाइल, एक्सक्यूज मी, अलादीन और रामा: द सेवियर उनकी प्रमुख फिल्में हैं। फिलहाल अभिनेता काफी समय से एक्टिंग की दुनिया से दूर हैं और अपना बिजनेस संभाल रहे हैं।
Tags:    

Similar News