Hapur: हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ Hapur में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस द्वारा तमाम कोशिश के बाद भी बदमाश पुलिस को रोज नई चुनौती दे रहे हैं। थाना बाबूगढ़ इलाके में बदमाश दिनदहाड़े एक बुजुर्ग से बैंक से 45 हजार की नकदी से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। इस दौरान बुजुर्ग ने शोर भी मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक बदमाश रुपयों से भरा थैला लेकर फरार हो चुके थे। इसकी सूचना आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस इस पूरे मामले की कई एंगल से जांच में जुटी हुई है।

थाना बाबूगढ़ इलाके के गांव सिमरौली निवासी ओमप्रकाश पुत्र संतराम सिंह बाबूगढ़ डिपो में नौकरी करते हैं। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने बाबूगढ़ छावनी में स्थित बैंक ऑफ़ इण्डिया से 45 हजार रूपये निकाले थे। ये पैसे उन्होंने अपने थैले में रखकर अपनी पत्नी फूलवती के साथ घर जा रहे थे। इसमें 45 हजार की नकदी, बैंक की पासबुक व अन्य जरूरी सामान भी रखा हुआ था। जैसे ही वह सड़क पार करके गांव सिमरौली पैदल जा रहे थे। तभी करीब 20 से 25 वर्षीय एक युवक बाईक पर सवार होकर उनके पास आया और थैला छीनकर फरार हो गया। बुजुर्ग ने बदमाश के पीछे भागते हुए काफी शोर मचाया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक बदमाश भागने में कामयाब हो चुका था।

उधर इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बाबूगढ़ के थाना प्रभारी पटनीश कुमार ने बताया कि सिमरौली गांव के रहने वाले ओमप्रकाश नाम के बुजुर्ग के द्वारा सूचना मिली थी कि वह बैंक से 45 हजार की नकदी निकाल कर लाए थे। जिस बैग में उन्होंने वह नकदी रखी थी, बदमाश उस थैले को लूट कर फरार हो गए। सूचना के आधार पर तत्काल प्रभाव से मौके पर पहुंची पुलिस ने इस पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। वहीं बदमाश को गिरफ्तार किए जाने के लिए विशेष टीम का गठन करते हुए आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पीड़ित ने बताया उससे लगता है कि बदमाश उनका पीछा बैंक से ही कर रहे थे। जल्द ही घटना का निवारण कर ख़ुलासा किया जाएगा।
Tags: