गोवा: आखिरकार 8 साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद आयरिश मूल की टूरिस्ट को इंसाफ मिल ही गया. गोवा की अदालत ने रेप और मर्डर के दोषी शख्स को उम्रकैद की सजा सुनाई है. फैसला गोवा के मडगांव प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय ने सुनाया है. मामला 2017 का है. तब कैनाकोना में आयरिश पर्यटक की हत्या की गई थी. इस केस में विकट भगत नामक शख्स को कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है. उसे पीड़िता के साथ बलात्कार के लिए भी कठोर आजीवन कारावास की सजा मिली है.
बता दें कि 25 साल की युवती मूल रूप से आयरलैंड की रहनेवाली थी. हालांकि उसके पास ब्रिटेन और आयरलैंड दोनों देशों की नागरिकता थी. वो अपनी एक दोस्त के साथ ब्रिटिश पासपोर्ट पर साल 2017 के फरवरी महीने में गोवा घूमने के लिए आई थी.
13 मार्च की शाम को वो पालोलिम बीच के पास एक गांव में होली की पार्टी सेलिब्रेट करने गई थी. इत्तेफाक से उसे देर हो गई और वो गांव से अपने होटल के लिए अकेली ही लौट रही थी. लेकिन इससे पहले कि वो होटल के कमरे में वापस लौट पाती उसका रेप कर हत्या कर दी गई.
घटना के अगले दिन सुबह यानी 14 मार्च 2017 को युवती की लाश कानाकोना के देवबाग बीच के पास एक खाली जगह पर पड़ी मिली थी. लाश पर एक भी कपड़ा नहीं था. उसका सिर और चेहरा दोनों बुरी तरह से कुचला हुआ था.
Tags: