वाराणसी: वाराणसी में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना पहड़िया मंडी में शुरू हो गई है। मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। दोनों चुनावों की मतगणना के लिए लगभग 15-15 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 224 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान करीब एक लाख 20 हजार मतों की गिनती की जाएगी।
वाराणसी के डीआईजी शिवहरी मीना ने न्यूज एजेंसी से बताया कि एमएलसी चुनाव की मतगणना के लिए पुलिस-प्रशासन ने तीन स्तरों वाली सुरक्षा योजना तैयार की है। इसमें बाहरी, भीतरी और आइसोलेशन सुरक्षा घेरे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
डीआईजी ने बताया कि मतगणना स्थल पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रशासन का जोर मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने पर है।
मतगणना स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत बाहरी, भीतरी और आइसोलेशन घेरे बनाए गए हैं। प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतगणना स्थल तक पहुंचने से रोका जा सके।
मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए अधिकृत पास अनिवार्य किया गया है। प्रवेश द्वार पर जांच के बाद ही पासधारकों को अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Tags: