जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्री सुधीर कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में और प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक के निर्देशन में तथा वाणिज्य/परिचालन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा आपसी समन्वय से कार्य करते हुए रेल राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इसी तारतम्य में अगस्त माह में पमरे को कुल रुपये 644 करोड़ 40 लाख का प्रारम्भिक आय (ऑरिजिनेटिंग रेवेन्यू) प्राप्त हुआ, जो विगत वर्ष की इसी माह में प्राप्त राजस्व रुपये 628 करोड़ 6 लाख से लगभग 3 प्रतिशत अधिक है। मण्डल वाइस आकड़ों पर बात करे तो जबलपुर मण्डल में 329 करोड़ 62 लाख, भोपाल मण्डल में 177 करोड़ 48 लाख एवं कोटा मण्डल में 137 करोड़ 30 लाख रूपये का ऑरिजिनेटिंग रेवेन्यू प्राप्त हुआ हैं।
इस तरह यदि मद वाइस आय पर नजर डालें तो पमरे की ओरिजनेटिंग रेवेन्यू के अंतर्गत यात्री यातायात से रुपये 204 करोड़ 73 लाख, माल यातायात से रुपये 414 करोड़ 54 लाख अन्य कोचिंग मद में रुपये 12 करोड़ 30 लाख एवं विविध आय यानि संड्री से रुपये 12 करोड 63 लाख का रेलवे राजस्व प्राप्त किया है। रेल प्रशासन रेल उपभोक्ताओं को शिकायत रहित सेवा प्रदान करने के प्रति कृत संकल्पित है, साथ ही रेल राजस्व बढ़ाने के लिए सतत प्रयत्नशील है। रेलवे के जरिये माल परिवहन के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा लागू की गई आकर्षक प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी माल परिवहन से जुड़े सभी व्यापारियों को दी जा रही है और प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उठाते हुए उन्हें अधिक से अधिक माल रेलवे के जरिये परिवहन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही पश्चिम मध्य रेलवे तीनों मण्डलों जबलपुर, भोपाल एवं कोटा द्वारा रेलवे राजस्व वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास भी किये जा रहे हैं।
Tags: