कांस्टेबल की प्रेमिका का वीडियो : मत करो कोई शादी, लेकिन किसी लड़की को धोखे में तो मत रखो...और दे दी जान
पढ़े पूरी खबर
यूपी। आगरा में शादी का झांसा देकर एक पुलिसकर्मी ने फैशन डिजाइनर युवती का कई वर्ष तक शारीरिक शोषण किया। बाद में शादी से इंकार कर दिया। इससे आहत युवती अवसाद में आ गई। सदर के सैनिक नगर स्थित बहन के घर पहुंचकर उसने फंदे पर लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर सदर थाने में शारीरिक शोषण और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपित सिपाही जे.वी. गौतम निवासी कानपुर देहात को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मूलरूप से सहावर, कासगंज निवासी युवती फैशन डिजाइनर थी और पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसके प्रेम संबंध कानपुर देहात निवासी सिपाही जे.वी. गौतम से हो गए। वह थाना ताजगंज में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात था। पिता का आरोप है कि सिपाही ने शादी का वादा कर बेटी को ताजगंज क्षेत्र में किराये के मकान में अपने साथ रखा हुआ था। आरोपित के परिजनों को भी दोनों के संबंध की जानकारी थी। कुछ समय पहले सिपाही ने शादी से साफ इंकार कर दिया। परिजनों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इससे युवती तनाव में रहने लगी और गुमसुम हो गई। बुधवार दोपहर वह सदर के सैनिक नगर में रहने वाली अपनी बहन के घर पहुंची। रात में बहन बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी, जबकि युवती अलग कमरे में थी। रात करीब 12:30 बजे बहन कमरे में पहुंची तो युवती को पंखे से लटका देखा। वह घबरा गई और चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। कमरे की तलाशी ली गई, मगर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। आशंका है कि युवती ने मोबाइल पर बात करते समय आत्महत्या की। पुलिस ने उसका मोबाइल कब्जे में ले लिया है।
मृतका के पिता का आरोप है कि आरोपित सिपाही पिछले चार वर्ष से उनकी बेटी के साथ रह रहा था। शादी का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा। बाद में झगड़ा करने लगा और शादी से इंकार कर दिया। बेटी लगातार उसे मनाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह नहीं माना।