सांकेतिक तस्वीर
नागौर: राजस्थान के नागौर में एक कांस्टेबल ने सर्किल इंस्पेक्टर पर हमला कर दिया. उसने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि सर्किल इंस्पेक्टर ने एक पार्टी में शराब पीने से मना कर दिया था. सबसे बड़ी बात यह हमला सर्किल इंस्पेक्टर के घर में घुसकर किया गया. फिलहाल शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
दरअसल कांस्टेबल ने एक पार्टी में सर्किल इंस्पेक्टर को शराब पीने के लिए कहा था. लेकिन उसने शराब पीने से मना कर दिया था. जिससे कांस्टेबल नाराज हो गया. इसके बाद कांस्टेबल ने सर्किल इंस्पेक्टर के घर में घुसकर हमला कर दिया. जिस वक्त सर्किल इंस्पेक्टर पर हमला हुआ, उस वक्त कांस्टेबल शराब के नशे में था.
नागौर के स्टेशन ऑफिसर ने आरोप लगाया है कि आरोपी कांस्टेबल रणजीत टाडा नशे में उनके घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया. इंडिया टुडे को मिली जानकारी के मुताबिक स्टेशन ऑफिसर ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ केस दर्ज कराया है.
घटना के समय अजमेर में मौजूद सीनियर अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है. वहीं पूरे मामले में सीनियर अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. दोनों कर्मचारियों का बयान दर्ज किया जा रहा है. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.