दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन और 10 अक्टूबर को हुए सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में अंतर को लेकर सवाल उठाए हैं। दीपके ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन उस दौरान वैसी सख्त कार्रवाई देखने को नहीं मिली जैसी 10 अक्टूबर को उनके संगठन के प्रदर्शन के दौरान हुई थी। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक ही मकसद के लिए संघर्ष कर रहे हैं, इसलिए किसी भी तरह की साजिश संबंधी अटकलों के कारण आपसी अविश्वास पैदा नहीं होना चाहिए।
10 तारीख जैसी नहीं दिखी इंडिया गठबंधन की ताकत, कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन रहा फीका: अभिजीत दीपके
10 अक्टूबर के प्रदर्शन का किया जिक्र
दीपके ने कहा कि जब कॉकरोच जनता पार्टी को विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, तब कुछ लोगों ने आरोप लगाना शुरू कर दिया कि उनका संगठन भारतीय जनता पार्टी की ओर से खड़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने भी बड़ा विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन वहां वैसी कार्रवाई नहीं हुई जैसी 10 अक्टूबर को सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान देखने को मिली थी। दीपके ने आरोप लगाया कि अलग-अलग प्रदर्शनों के साथ अलग-अलग व्यवहार करके लोगों के बीच संदेह और अविश्वास पैदा किया जाता है।
आपस में नहीं लड़ने की अपील
अभिजीत दीपके ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करने वाले लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खड़ा होना चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसी परिस्थितियों में एकजुटता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने लिखा कि आज एक प्रदर्शन की अनुमति दी जा सकती है और दूसरे पर कार्रवाई हो सकती है। कल यही स्थिति बदल भी सकती है। उन्होंने इसे सत्ता से सवाल पूछने वाले लोगों के बीच अविश्वास पैदा करने की कोशिश बताया।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जारी
दीपके ने कहा कि उनका संघर्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे साजिश संबंधी अटकलों में उलझने के बजाय अपने साझा उद्देश्य पर ध्यान दें। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इंडिया गठबंधन और कॉकरोच जनता पार्टी अलग-अलग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच दीपके ने अपने बयान में दोनों प्रदर्शनों के दौरान हुई कार्रवाई की तुलना करते हुए एकजुट रहने का संदेश दिया है।
Tags: