INDIA का INLD से गठबंधन पर बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, कही ये बड़ी बात
यमुनानगर। इंडिया गठबंधन में जहां कांग्रेस पहले से ही शामिल है उसमें इनेलो के शामिल होने को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच यमुनानगर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉक्टर राजन शर्मा के निवास स्थान पर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल का वजूद नहीं है। वह हरियाणा में सहारा ढूंढ रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि इनेलो भाजपा की भी टीम है, उसकी सहयोगी है। वह कांग्रेस को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के कुछ सहयोगी दल इनेलो को इंडिया गठबंधन में शामिल करना चाहते हैं। परंतु जैसे ही इस विषय में कोई चर्चा होगी, हरियाणा कांग्रेस अपने नेतृत्व को जमीनी हकीकत से अवगत कराएगी, कि इनेलो का हरियाणा में कोई जन आधार नहीं है। उदयभान ने कहा कि इसके बावजूद नेतृत्व अगर चाहेगा तो उनका फैसला सर माथे होगा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी का कोई जनाधार नहीं है। आम आदमी पार्टी में से आम नाम की चीज नहीं है, गुठली रह गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक भी विधानसभा क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां इस पार्टी की जमानत बची हो। हरियाणा में केजरीवाल के गृह क्षेत्र में उपचुनाव हुआ था। पूरी सरकार ने डेरा डाला था। केजरीवाल कई दिन तक वहां डटे रहे। इसके बावजूद वहां आप पार्टी को मात्र 2.9% वोट मिले। हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को नकार चुकी है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा का काफी क्षेत्र गन्ने की खेती वाला है। शुगर मिलने चलने वाली है। लेकिन हरियाणा में अभी तक गन्ने का इस वर्ष का मूल्य घोषित नहीं किया गया। उदयभान ने कहा कि गाने का रेट 450 रुपए प्रति क्विंटल करके उसे शीघ्र घोषित किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में महिला अपराध में भारी वृद्धि हुई है। अकेले पलवल क्षेत्र में मार्च महीने से अब तक 1350 लड़कियां 18 से 27 वर्ष की गायब है, जिनमें से मात्र 561 बरामद हुई है जबकि 800 का अभी कोई पता नहीं है।