राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द

राज्यसभा सीट

Update: 2026-06-09 14:29 GMT
Bhopal भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र जांच प्रक्रिया के दौरान खारिज कर दिया गया। इसके साथ ही राज्य की तीसरी राज्यसभा सीट पर मुकाबला लगभग समाप्त हो गया है और भाजपा उम्मीदवार महेश केवट का निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, भाजपा नेताओं कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि कांग्रेस उम्मीदवार ने अपने नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथ पत्र (एफिडेविट) में हैदराबाद की एक अदालत में लंबित कथित आपराधिक मामले की जानकारी नहीं दी।
रिटर्निंग ऑफिसर ने भाजपा की आपत्ति पर मीनाक्षी नटराजन को अपना पक्ष रखने के लिए मंगलवार शाम तक का समय दिया था। कांग्रेस उम्मीदवार द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं होने पर रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नामांकन रद्द कर दिया। हालांकि कांग्रेस ने इस फैसले का विरोध किया है। पार्टी का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। कांग्रेस के अनुसार उन्हें केवल अदालत की ओर से एक नोटिस प्राप्त हुआ था, जिसे आपराधिक मामला नहीं माना जा सकता। पार्टी ने नामांकन रद्द किए जाने की कार्रवाई को गलत और अनुचित बताया है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जिसके आधार पर पार्टी पहले से ही दो सीटें जीतने की मजबूत स्थिति में थी। इसके अलावा भाजपा के पास पर्याप्त अतिरिक्त वोट भी मौजूद हैं। ऐसे में कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के बाद तीसरी सीट पर भी भाजपा की राह आसान हो गई है। इस घटनाक्रम को राज्य की राजनीति में कांग्रेस के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है, जबकि भाजपा इसे अपनी रणनीतिक और कानूनी जीत मान रही है।
Tags:    

Similar News