Delhi दिल्ली: अशोक विहार में लक्ष्मीबाई कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा पर रविवार को दिन में करीब 11:30 बजे एसिड अटैक की घटना हुई। आरोपी छात्रा के परिचित जितेंद्र और उसके दो साथी ईशान और अरमान मोटरसाइकिल पर आकर इस जघन्य वारदात को अंजाम देने पहुंचे। घटना के दौरान पीड़िता ने अपना चेहरा बचाने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों हाथ झुलस गए। उसे तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा कॉलेज लौट रही थी जब आरोपी मोटरसाइकिल पर आए और अरमान ने बोतल से एसिड फेंक दिया। पीड़िता ने बताया कि जितेंद्र उसे करीब एक महीने से परेशान कर रहा था और उनके बीच पहले भी तीखी बहस हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।