मोतियाबिंद से जूझ रही लड़की का इलाज कराने कलेक्टर ने किया वादा, भावुक वीडियो वायरल
पढ़े पूरी खबर
यूपी। मुजफ्फरनगर में डीएम जनता की फरियाद सुन रहे थे। तभी एक लड़की रोते हुए उनके पास पहुंची। वह मोतियाबिंद से पीड़ित थी। युवती की बात सुनकर डीएम भावुक हो गए और तुरंत मदद करने का फैसला लिया। उन्होंने अधिकारियों को आदेश देकर लड़की को अस्पताल भेजा और इलाज कराने की बात कही। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसे लेकर लोग डीएम की सराहना कर रहे हैं।
सोमवार को कचहरी स्थित जिला पंचायत सभागार में डीएम उमेश मिश्रा ने फरियादियों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण कराने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान डीएम दरबार में फरियादियों की भीड़ लगी रही, जिसके बाद डीएम ने खुद फरियादियों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान कृष्णा नगर की रहने वाली खुशी भी डीएम के पास पहुंची। उसने बताया कि उसकी आंखों में मोतियाबिंद की समस्या है, जिस कारण वह अपनी पढ़ाई नहीं कर पा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार कराने में समर्थ नहीं हैं।
आंखों में मोतियाबिंद के कारण छात्रा की पढ़ाई नहीं होने पर डीएम उमेश मिश्रा भावुक हो गए। उन्होंने तुरंत छात्रा को सरकारी गाड़ी से एक निजी हॉस्पिटल में भिजवाया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया,"इस बच्ची को डॉक्टर के पास ले जाइए। जाकर कहिएगा डीएम से बात कर लें, गाड़ी निकालिए...ले जाइए। जाओ बेटा, तुम्हारी आंख ठीक हो जाएगी। बिलकुल चिंता मत करना। आजकल बड़ी अच्छी-अच्छी इलाज है। जहां होगा वहां मैं करा दूंगा।"