यूसीसी पर बोले सीएम मोहन यादव: 'राम, रहीम और रोबिन सभी के लिए एक कानून',

Update: 2026-07-20 14:29 GMT
Bhopal भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती पर सभी नागरिकों के लिए समान कानून की भावना को आगे बढ़ाया जा रहा है और इसी दिशा में यूसीसी से संबंधित अध्यादेश अब कानून का रूप लेते हुए विधानसभा के पटल पर पेश किया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "हमारे लिए सौभाग्य की बात है, यह मध्य प्रदेश की धरती है जहां राम, रहीम और रोबिन सभी के लिए एक कानून की बात कही गई है। आज उसका अध्यादेश कानून का रूप लेते हुए विधानसभा के पटल पर पेश हुआ है।"
उन्होंने दावा किया कि समान नागरिक संहिता का सबसे अधिक लाभ मुस्लिम महिलाओं को मिलेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने इस पहल का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय उपलब्ध कराना है तथा कानून के समक्ष सभी के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय और समानता की भावना के साथ काम कर रही है। उनके अनुसार, यूसीसी का उद्देश्य किसी विशेष समुदाय को लक्षित करना नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए एक समान कानूनी व्यवस्था लागू करना है।
हालांकि, समान नागरिक संहिता का मुद्दा लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की इस पर अलग-अलग राय रही है। ऐसे में विधानसभा में इस विषय पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार का कहना है कि कानून लागू होने के बाद इससे पारिवारिक और नागरिक मामलों में समानता तथा कानूनी स्पष्टता को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, विपक्ष और अन्य पक्षों की प्रतिक्रियाओं पर भी राजनीतिक नजर बनी हुई है।
Tags:    

Similar News