अगरतला। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दुर्गा पूजा से पहले जरूरतमंद लोगों को कपड़े वितरित करते हुए कहा कि यह कोई मदद नहीं, बल्कि उनकी तरफ से दिया जाने वाला त्योहार का उपहार है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा की खुशियां केवल संपन्न लोगों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाने का अवसर मिलना चाहिए।
अगरतला नगर निगम के वार्ड नंबर-39 में दुर्गा पूजा से पहले वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग पहुंचे और मुख्यमंत्री ने कपड़े वितरित किए। स्थानीय पार्षद अलक रॉय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के लिए साड़ियों सहित विभिन्न वस्त्रों की व्यवस्था की गई थी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि वे हर साल दुर्गा पूजा के अवसर पर लोगों को उपहार देते हैं। उन्होंने कहा, “यह मदद नहीं, उपहार है। मैं हर साल उपहार देता हूं। दुर्गा पूजा केवल उन लोगों के लिए नहीं है, जो चीजें खरीद सकते हैं या कहीं भी जा सकते हैं। यह त्योहार सभी के लिए है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कई लोग हैं जिन्हें त्योहार के दौरान नए कपड़े खरीदने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे परिवार भी दुर्गा पूजा की खुशियों में शामिल हो सकें, इसी उद्देश्य से उन्हें उपहार दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति खुश रहे और उल्लास के साथ दुर्गा पूजा मनाए, यही इस पहल का उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और कानून-व्यवस्था का पालन करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार त्योहार को शांतिपूर्ण और सुचारू बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर रही है। त्रिपुरा में दुर्गा पूजा बड़े स्तर पर मनाई जाती है। इस बार भी अगरतला में पूजा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों को बेहतर सड़क, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।