CM डी.के. शिवकुमार ने युवाओं और रोजगार को लेकर की बड़ी घोषणाएं, भारत जोड़ो यूथ क्लब
रोजगार योजना
Karnataka कर्नाटक: मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने राज्य में युवाओं और छात्रों से जुड़े कई अहम फैसलों की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि गांवों में “भारत जोड़ो यूथ क्लब” बनाए जाएंगे, जिसके लिए सरकार 10 लाख रुपये की सहायता देगी। इसका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखना है। राज्य में ऐसे 10,000 क्लब बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने छात्रों के लिए भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सभी स्कूली और कॉलेज छात्रों को अब मुफ्त बस पास दिया जाएगा। यह फैसला छात्रों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए छात्रों को आवेदन करना होगा और परिवहन विभाग के साथ प्रक्रिया तय की जाएगी।
रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेरोजगार युवाओं को सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा, जिसके बाद सरकार कंपनियों से समन्वय कर उनकी जरूरत के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगी। मुख्यमंत्री ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह युवाओं का समय है और सरकार उनके भविष्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की जनता ने उन पर भरोसा जताया है और वे उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। डी.के. शिवकुमार ने बताया कि सरकार ने युवाओं के हित में कई फैसले लिए हैं और आने वाले समय में और योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अब सरकार का ध्यान शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास पर केंद्रित रहेगा।