CM अरविंद केजरीवाल बोले- भाजपा के पास ED है, इनकम टैक्स है, CBI है, लेकिन...जानें पूरा बयान
न्यूज़ क्रेडिट: आजतक
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को विधानसभा में संबोधन के दौरान बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने दीवार फिल्म का डायलॉग मारते हुए कहा कि भाजपा के पास ED है, इनकम टैक्स है, CBI है, लेकिन दिल्ली की जनता कहती है कि उनके पास उनका बेटा केजरीवाल है.
भाजपा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा, 'दिल्ली में चर्चा है कि अगले विधानसभा चुनाव नहीं होंगे, बल्कि दिल्ली को पूरी तरह से केंद्र शासित प्रदेश में बदलने की योजना बनाई जा रही है. लेकिन ये लोग नहीं जानते की ये कितना बड़ा गुनाह करने जा रहे हैं. इस गुनाह के लिए इनकी आने वाली पुश्तें इन्हें गाली देंगी. उन्होंने आगे कहा केजरीवाल से नफरत करते करते ये लोग देश से नफरत करने लगे हैं.
दिल्ली एमसीडी के बारे में बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ये लोग (BJP) फंड का रोना रोते रहते हैं. हमने सारे फंड दिए, लेकिन अब एमसीडी केंद्र के अधीन आ गई है. अब उनसे फंड लिया जाए. अभी तक कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं दी गई है.
दीवार फिल्म का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि अमिताभ बच्चन की एक फिल्म आई थी, दीवार. इसमें अमिताभ बच्चन कहते हैं. मेरे पास धन है दौलत है, बंगला है गाड़ी है. जवाब में शशि कपूर कहते हैं कि मेरे पास मां है. आज बीजेपी वाले धमकी देते हैं कि हमारे पास ईडी है, इनकम टैक्स है सीबीआई है. बदले में दिल्ली की जनता कह ही है कि उनके पास उनका बेटा केजरीवाल है.
सीएम केजरीवाल ने आगे कहा कि चर्चा है कि अगस्त के अंत तक ये मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करेंगे. क्या यह आदमी शक्ल से ये चोर नजर आता है. बीजेपी के 19 राज्य एक तरफ हैं और हमारा दिल्ली राज्य एक तरफ है. जिन विधायकों को गिरफ्तार किया गया है, उन मामलों में कोर्ट ने लताड़ लगाई है.
केजरीवाल ने आगे कहा कि ईडी ने 10 घंटे तक आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता को पूछताछ के लिए बुलाया है. आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जेल जाने के लिए तैयार हो जाएं, इनसे डरने की जरुरत नहीं है. मैं खुद 15 दिन जेल में रहा, कोई दिक्कत नहीं होती है.