Chandpur. चांदपुर। हिमाचल प्रदेश के जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा जलीय जीवन के संरक्षण के लिए मत्स्य विभाग बिलासपुर एवं प्रदेश की प्रमुख सामाजिक संस्था रेनबो स्टार क्लब बिलासपुर द्वारा स्वच्छ जल स्रोत-सुरक्षित जलीय जीवन अभियान के तहत गोबिंद सागर झील लुहणु के पास विश्व स्वच्छता दिवस के अवसर पर मेरा जलस्रोत-मेरी जिम्मेदारी के तहत साफ सफाई की गई। रेनबो स्टार क्लब के संस्थापक अध्यक्ष इशान अख्तर ने बताया कि अभियान के दौरान जलस्रोतों की स्वच्छता के साथ-साथ लोगों को कचरे के उचित निपटान और जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। रेनबो स्टार क्लब के संस्थापक अध्यक्ष इशान अख्तर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जलस्रोतों और इनके आसपास कचरा फेंकने की प्रवृत्ति को रोकना तथा इनके संरक्षण में स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि जलस्रोतों में दोबारा कचरा न पहुंचे, इसके लिए लोगों में जिम्मेदारी निभानी होगी।