CJP के सौरव दास-आशुतोष रांका 5 दिन की न्यायिक हिरासत में, भेजे जाएंगे तिहाड़
कॉकरोच जनता पार्टी को कोर्ट से झटका.
नई दिल्ली: SEM कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है. मंगलवार को यह कार्रवाई उस समय हुई, जब सौरव दास, आशुतोष रांका और अंजिक्य शिंदे समेत सीजेपी के कार्यकर्ता भारी बैरिकेडिंग वाले जंतर-मंतर क्षेत्र में दाखिल हुए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की.
लोकतंत्र से कोई नहीं कर सकता छेड़छाड़: CJP
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जिस तरह सरकार आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है उसमें वह कभी कामयाब नहीं होगी. CJP ने कहा कि यह आंदोलन लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है. CJP ने लिखा, 'लोकतंत्र और संविधान के साथ किसी को भी छेड़छाड़ करने नहीं दी जाएगी.'
पुलिस के मुताबिक, सौरव दास और आशुतोष रांका ने भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 का दोबारा उल्लंघन किया है. पुलिस ने उन्हें रिपीट ऑफेंडर बताते हुए उनके पिछले आचरण का हवाला दिया.
पुलिस ने बताया कि दोनों ने बेल बॉन्ड की शर्तों को तोड़ा है, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अंजिक्य शिंदे को पुलिस ने बॉन्ड भरवाने के बाद रिहा कर दिया है. वहीं, सौरव दास और आशुतोष रांका को बेल बॉन्ड की शर्तें तोड़ने के जुर्म में पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया है.