CJP राजनीतिक सवालों से रहे दूर, राहुल गांधी के ECI वाले बयान पर केसी त्यागी की नसीहत
Noida नोएडा। राष्ट्रीय लोक दल (RLD) नेता केसी त्यागी ने CJP की गतिविधियों और चुनाव आयोग (ECI) को लेकर जारी राजनीतिक विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि CJP जिस उद्देश्य के साथ सामने आई थी, उसे उसी दिशा में अपना काम जारी रखना चाहिए और राजनीतिक मुद्दों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। केसी त्यागी ने कहा, “CJP शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन, नकल के विरुद्ध और नई पीढ़ी, नए नौजवानों के प्रशिक्षण को लेकर पैदा हुई थी। उसे राजनीतिक सवालों को नहीं उठाना चाहिए। उससे उसकी प्रतिष्ठा कम हो जाएगी।
CJP हाल के दिनों में शिक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रही है। ग्रेटर नोएडा में संगठन की टीम ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सरकारी स्कूलों में सुविधाओं का आकलन करने की कोशिश की थी। हाल में टीम को तीन सरकारी स्कूलों में प्रवेश नहीं मिला था। शिक्षा विभाग के अधिकारी ने कहा था कि 20 से 25 लोगों के समूह के प्रवेश से पढ़ाई प्रभावित हो सकती थी।
वहीं चुनाव आयोग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर भी केसी त्यागी ने असहमति जताई। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से इस्तेमाल किए गए शब्दों को “बहुत कठोर” बताया। त्यागी ने कहा, “राहुल गांधी से मैं कहना चाहता हूं कि कृपया राष्ट्रहित में, कांग्रेस हित में और परंपराओं के हित में ऐसे खराब शब्दों का इस्तेमाल न करें।”
चुनाव आयोग और मतदाता सूची के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के कामकाज पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि भाजपा ने उनके आरोपों का आधार और प्रमाण पूछते हुए उन्हें खारिज किया है। केसी त्यागी के बयान के बाद CJP की भूमिका और चुनाव आयोग को लेकर चल रही राजनीतिक बहस में एक और प्रतिक्रिया जुड़ गई है।