SC के आदेश पर CJP भड़का, अभिजीत दीपके की बड़ी चेतावनी!
अभिजीत दीपके बोले छात्रों को निशाना बनाया तो फिर होगा बड़ा प्रदर्शन
Delhi दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने छात्रों से जुड़े मामलों को लेकर सरकार को चेतावनी दी है। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर प्रदर्शन में शामिल छात्रों को पुलिस या प्रशासन की ओर से परेशान किया गया, तो संगठन दोबारा बड़े स्तर पर शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेगा। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि छात्रों को निशाना बनाना और उनके खिलाफ कार्रवाई करना बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से अपील की कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों के साथ किसी भी तरह का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई जारी रही तो CJP छात्रों के समर्थन में फिर से व्यापक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगी। संगठन का कहना है कि छात्रों के अधिकारों और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। CJP नेता सौरव दास ने भी सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने छात्रों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया, तो संगठन के पास देशव्यापी आंदोलन शुरू करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।
सौरव दास ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के एक बिंदु पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्देश संख्या 4 को लेकर गंभीर चिंता है। उनके अनुसार, इस निर्देश के तहत सरकारों को दर्ज एफआईआर पर आगे बढ़ने और जांच जारी रखने की अनुमति दी गई है। CJP नेताओं का कहना है कि छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा होनी चाहिए और उन्हें परेशान नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब मामले से जुड़े पक्ष आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। इस पूरे मामले को लेकर छात्र संगठनों और प्रशासन के बीच तनाव बना हुआ है। CJP ने साफ किया है कि छात्रों के हितों को लेकर वह आगे भी आवाज उठाती रहेगी।