ट्रेन में टिकट चेक कर रही महिला के ID कार्ड पर चाइनीज भाषा! यात्री ने फर्जी TTE होने का लगाया आरोप
देखें वायरल वीडियो.
नई दिल्ली: ऐसा पहली बार नहीं है कि ट्रेन में फर्जी टीटीई बनकर पैसे वसूलने का मामला सामने आया हो, इससे पहले भी ऐसा कई बार हो चुका है. लेकिन, इस बार खास बात ये है कि जो महिला फर्जी टीटीई बनकर ट्रेन में लोगों से पैसे वसूल रही थी, उसने रेलवे के पट्टे के साथ एक आईडी कार्ड लटका रखा था. इस आईडी कार्ड पर चाइनीज भाषा में कुछ लिखा था और वो इस चाइनीज भाषा वाले कार्ड के साथ पैसे वसूल रही थी. जब एक यात्री ने टीटीई को पकड़ लिया तो ट्रेन में काफी बवाल हुआ.
महिला टीटीई को पकड़ने के बाद यात्री ने सोशल मीडिया पर पूरी घटना का वीडियो शेयर किया है. इसमें वीडियो बना रहा शख्स दावा कर रहा है कि ट्रेन में टिकट चेक कर रही एक महिला फर्जी टीटीई बन रही हैं. ये मामला हैदराबाद के सिकंदराबाद जंक्शन से पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलने वाली फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) का बताया जा रहा है, जिसमें एक महिला गले में फर्जी आईडी कार्ड टांगकर स्लीपर कोच में टिकट चेक कर रही है. कुछ लोगों से 1400 रुपये तक की पेनल्टी वसूलने का भी आरोप है.
जब एक यात्री को महिला पर शक होता है तो वो महिला से कार्ड मांगता है और महिला कार्ड दिखाने से मना करती है. इसके बाद महिला का कार्ड दिख जाता है, जिसमें चाइनीज भाषा में कुछ लिखा होता है. कार्ड रेलवे की जगह सैंपल कार्ड की तरह दिख रहा है. जिसके बाद वो शख्स तुरंत उससे सवाल–जवाब शुरू कर देता है. हितिक नाम का शख्स वीडियो में दावा कर रहा है कि ओडिशा की ओर जा हे पैसेंजर का तो यह भी बताते हैं कि उनसे 750 रुपये तक एक्स्ट्रा मांगा गया है.
साथ ही वो फर्जी महिला टीटीई से बहस करते नजर आ रहे हैं और आईडी के बारे में पूछ रहे हैं. वहीं, महिला पुलिस बुलाने की धमकी देती नजर आ रही है. साथ ही वो हितिक सवाल करते हैं कि रेलवे कर्मचारियों की आईडी क्यों नहीं देखनी चाहिए. कोई व्यक्ति इस तरह TTE बनकर वसूली करता है, तो उस पर क्या एक्शन होता है? आप ऊपर दिए गए वीडियो में पूरी बहस देख सकते हैं.
वीडियो शेयर करते हुए हितिक ने कैप्शन में लिखा है- 'मैं तेलंगाना के सिकंदराबाद से ओडिशा की ओर यात्रा कर रहा था. जनरल कोच में यात्रियों की इतनी ज्यादा भीड़ थी कि बैठने तक की जगह नहीं थी. इस स्थिति के कारण कई यात्री स्लीपर कोच में घुस गए और बिना किसी को परेशान किए या नुकसान पहुंचाए आराम से बैठ गए. हालांकि, इस दौरान मैंने एक परेशान करने वाली घटना देखी, जिसमें एक व्यक्ति खुद को टीटीई बता रहा था या टीटीई होने का दावा कर रहा था. वहां रेलवे के कर्मचारी और रेलवे पुलिस भी मौजूद थी.
आरोप था कि यात्रियों को डराया-धमकाया जा रहा था और उनसे जबरन अतिरिक्त पैसे मांगे जा रहे थे. यात्रियों से 1,300 रुपये, 1,350 रुपये और यहां तक कि 1,400 रुपये तक वसूले जाने के आरोप थे. ओडिशा की ओर यात्रा कर रहे यात्रियों से भी कथित तौर पर करीब 750 रुपये अतिरिक्त मांगे जा रहे थे. जब मैंने उस व्यक्ति से सवाल किया और उसका आधिकारिक रेलवे पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो बहस शुरू हो गई. इसके बाद मैंने अपना कैमरा चालू करने और पूरी घटना को रिकॉर्ड करने का फैसला किया.
भारत का नागरिक होने के नाते मैं अपने संवैधानिक अधिकारों में विश्वास रखता हूं, जिसमें भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत मिली बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी शामिल है.
भारतीय रेलवे से मेरे सवाल हैं:
1. आम और आर्थिक रूप से कमजोर यात्रियों को डराने-धमकाने और उनसे कथित तौर पर अवैध वसूली क्यों की जानी चाहिए?
2. यात्रियों को रेलवे कर्मचारियों की पहचान सत्यापित करने की अनुमति क्यों नहीं होनी चाहिए?
3. क्या रेलवे पुलिस और अन्य अधिकारियों को इस दौरान हो रही घटनाओं की जानकारी थी?
4. अगर कोई अनधिकृत व्यक्ति टीटीई बनकर यात्रियों के साथ धोखाधड़ी कर रहा है, तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी?
मैं भारतीय रेलवे के अधिकारियों से ईमानदारी से अनुरोध करता हूं कि इस घटना की निष्पक्ष जांच की जाए और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.'