कुत्ते के हमले से बच्चे की मौत, एक अन्य घायल

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-02-28 02:19 GMT

महाराष्ट्र। कल्याण के पास मोहने-गालेगांव इलाके में दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां आवारा कुत्ते के हमले में सात साल के बच्चे की मौत हो गई. उसे बचाने दौड़े उसके दोस्त पर भी कुत्ते ने हमला कर लिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर गुस्से और डर का माहौल है.

मृतक बच्चा कातकरी पाड़ा इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था. अधिकारियों के अनुसार, बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया. उसकी चीख-पुकार सुनकर उसका सात साल का दोस्त उसे बचाने दौड़ा, लेकिन कुत्ते ने उसे भी काट लिया और वह घायल हो गया. दोनों बच्चों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान घायल बच्चे ने दम तोड़ दिया. वहीं उसके दोस्त का ठाणे के कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

मृतक बच्चे के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. आए दिन हमले हो रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है.

शिवसेना (ठाकरे गुट) की नगरसेविका तेजश्री गायकवाड़ और नगरसेवक उमेश बोरगावकर ने इस मामले को लेकर कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) अधिकारियों से मुलाकात की. उन्होंने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष दस्ते तैनात करने, नसबंदी अभियान और टीकाकरण को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की. वहीं नागरिकों ने भी प्रशासन से ठोस कदम उठाए जाने और आवारा कुत्तों की समस्या पर काबू पाने की अपील की है.


Tags:    

Similar News

null