Shimla. शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को चमियाणा स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अस्पताल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री के समक्ष संस्थान में पेश आ रही विभिन्न समस्याओं को रखा। इनमें चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. सुधीर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रबंधन ने संस्थान में मेडिकल ऑफिसर एमओ, सीनियर रेजिडेंट एसआर सहित अन्य स्टाफ की कमी के बारे में विस्तार से अवगत करवाया।
उन्होंने उपचाराधीन मरीजों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और अस्पताल में मिल रहे उपचार के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से भी बातचीत की। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि अस्पताल में जल्द ही आवश्यक चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, डॉ बृज शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अस्पताल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री सुक्खू को ऑटोमेटेड लैब के लिए प्रस्तावित जगह का भी निरीक्षण करवाया और इससे जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। ऑटोमेटेड लैब स्थापित होने से अस्पताल में जांच सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने संस्थान के विभिन्न विभागों का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।