ओडिशा में बाढ़ का हवाई जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन माझी
देखें VIDEO...
Bhubaneswar. भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार भारी बारिश के चलते कई जिलों में आई बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को अन्य मंत्रियों और अधिकारियों के साथ हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित इलाकों में जलभराव, क्षतिग्रस्त फसलें, मकान और बुनियादी ढांचे का आकलन किया। मुख्यमंत्री ने खासतौर पर केंद्रपाड़ा, कटक, पुरी, जगतसिंहपुर और जाजपुर जैसे गंभीर रूप से प्रभावित जिलों का दौरा किया। सर्वेक्षण के बाद माझी ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राहत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को तत्काल राहत शिविर शुरू करने, सुरक्षित पेयजल और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने एक उच्चस्तरीय बैठक भी बुलाई, जिसमें राहत और पुनर्वास के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने घर खोए हैं या विस्थापित हुए हैं, उन्हें शीघ्र अस्थायी आश्रय और आर्थिक सहायता दी जाएगी। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (OSDMA) ने बताया कि अब तक 10 से अधिक जिलों में बाढ़ का असर पड़ा है और कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। एनडीआरएफ और ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।