मुख्यमंत्री ने 45 सौ करोड़ का राहत पैकेज देकर बंद किया भाजपा का मुंह: पुनीत मल्ली
धर्मशाला। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावितों के लिए 45 सौ करोड़ का राहत पैकेज देकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। यह निर्णय प्रदेश की जनता को राहत प्रदान करेगा। खासकर आपदा प्रभावितों के लिए यह राहत पैकेज कारगर साबित होगा। यह बात प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं मीडिया प्रभारी पुनीत मल्ली ने रविवार को यहां जारी बयान में कही। पुनीत मल्ली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपनी जीवन भर की कमाई 51 लाख की राशि आपदा राहत कोष में दे दी, दूसरी ओर उनकी अगुवाई में प्रदेश सरकार ने करोड़ों का पैकेज देकर नया इतिहास लिखा है। उन्होंने कहा कि आज के इतिहास में इस तरह का पैकेज किसी सरकार ने नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की ओर से राहत मुआवजे की राशि में कई बदलाव किए हैं। जिसका लाभ प्रभावितों को मिलेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार की ओर से आपदा प्रभावितों को राहत मुहैया करवाई गई है। सरकार लगातार आपदा प्रभावितों की समस्याओं के समाधान में जुटी है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिलासपुर जिला से संबधित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हमीरपुर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा प्रदेश की जनता की कोई मदद नहीं की गई। भाजपा नेताओं ने दौरे कर हिमाचल में महज औपचारिकता ही निभाई है। उन्होंने भाजपा नेताओं से भी आग्रह किया है कि प्रदेश की जनता को राहत देने को लेकर उचित कदम उठाएं।