Rajasthan राजस्थान: जोधपुर में CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के ‘शिक्षा बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम में पहुंचे ABVP और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं पर हंगामा करने और CJP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने करीब 10 से 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, जोधपुर के रेजिडेंसी रोड स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान में रविवार को CJP की ओर से ‘शिक्षा बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका भी शामिल हुए थे।
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ABVP और BJYM के कुछ कार्यकर्ता दीवार फांदकर गांधी शांति प्रतिष्ठान परिसर में प्रवेश कर गए। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जहां उनकी CJP कार्यकर्ताओं के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ABVP जोधपुर विभाग संयोजक ललित दाधीच और भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता राजवीर बंता सहित करीब 10-11 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
डीसीपी ईस्ट मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि गांधी शांति प्रतिष्ठान में CJP का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश कर गए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पहले से पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि जयपुर के बाद अब जोधपुर में CJP के कार्यक्रम को लेकर विवाद सामने आया है। इससे पहले जयपुर के रामपुरा गांव के स्कूल मामले को लेकर भी CJP कार्यकर्ताओं और विरोधियों के बीच विवाद हुआ था। ताजा घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।
Tags: