Jaipur जयपुर: बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने पुलिस और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं में इजाफा देखा जा रहा है। इस पर पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो दिनों में चेन स्नैचिंग की चार घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में एक समान पैटर्न देखा गया है, जिसमें दो बदमाश बाइक पर सवार होकर सुबह और शाम के समय महिलाओं को निशाना बनाते हैं और उनकी चेन झपटकर फरार हो जाते हैं।


पुलिस के अनुसार, बदमाश बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं, जिससे पीड़ितों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता। इन घटनाओं से शहर में भय का माहौल बन गया है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। पुलिस ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया है। शहर के संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। डीसीपी ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, सुनसान इलाकों में अकेले जाने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर इन घटनाओं पर लगाम लगाई जाएगी।
Tags: