RAIPUR रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से जुड़ी एक तस्वीर को कथित तौर पर एडिट कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर रायपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांग्रेस IT सेल के नेता अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नितिन नबीन के राष्ट्रीय ध्वज फहराने से जुड़ी तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर भ्रामक तरीके से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। शिकायत के मुताबिक भाजपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नितिन नबीन ने अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया था। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे। भाजपा प्रवक्ता का आरोप है कि बेमेतरा जिला कांग्रेस IT सेल के अध्यक्ष अरुण साहू ने इसी तस्वीर में कथित तौर पर बदलाव किया और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया।
गौरीशंकर श्रीवास ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि तस्वीर से छेड़छाड़ के जरिए राष्ट्रीय ध्वज को लेकर गलत संदेश देने के साथ ही नितिन नबीन की छवि खराब करने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट को डिलीट कर दिया गया। हालांकि पोस्ट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर पुलिस को दी गई शिकायत के साथ संलग्न किया गया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच की। पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर अरुण साहू के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 के तहत एफआईआर दर्ज की है। अब पुलिस कथित पोस्ट की वास्तविकता, तस्वीर में किए गए बदलाव और पोस्ट के स्रोत समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
मामले को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस से जुड़े कुछ नेताओं द्वारा राष्ट्रीय ध्वज और भाजपा नेताओं को लेकर बिना तथ्यों की जांच किए सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। श्रीवास ने कांग्रेस नेताओं पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज और राष्ट्रीय पर्व को लेकर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की सोशल मीडिया गतिविधियों के खिलाफ भाजपा कानूनी स्तर पर कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। तस्वीर से वास्तव में किस स्तर पर छेड़छाड़ की गई और पोस्ट के पीछे क्या उद्देश्य था, इसे लेकर पुलिस की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
Tags: