Delhi दिल्ली: जूबा के बाहरी इलाके में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया, जिसमें पायलट सहित कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना एक छोटे Cessna aircraft विमान के क्रैश होने से हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में सवार यात्रियों में दो केन्याई नागरिक भी शामिल थे, जबकि बाकी सभी दक्षिण सूडान के नागरिक थे। हादसा राजधानी जूबा से करीब 20 किलोमीटर दूर हुआ, जहां विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
दक्षिण सूडान के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने प्रारंभिक जांच में बताया है कि खराब मौसम इस हादसे की मुख्य वजह हो सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के समय इलाके में घना कोहरा और कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) थी, जिससे पायलट को विमान नियंत्रित करने में कठिनाई आई होगी।
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। एविएशन अथॉरिटी ने बताया कि एक विशेष जांच टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है, जो हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं की मदद कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान का मलबा आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाई दे रहा है। आसपास का इलाका पहाड़ी और धुंध से ढका हुआ नजर आ रहा है, जो खराब मौसम की स्थिति की पुष्टि करता है। फिलहाल, हादसे की विस्तृत जांच जारी है और अधिकारियों ने मृतकों की पहचान तथा हादसे के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।