सेंट्रल दिल्ली: रंजीत नगर पुलिस ने ड्रग पेडलर को दबोचा, 1 किलो गांजा बरामद
नई दिल्ली: सेंट्रल दिल्ली के रंजीत नगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सतर्क पेट्रोलिंग टीम ने आरोपी के पास से 1026.8 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को हेड कांस्टेबल सीताराम, कांस्टेबल ललित और कांस्टेबल सुमित इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। सुबह करीब 10:25 बजे जब टीम पटेल नगर से दिल्ली कैंट की ओर शादीपुर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के पास पहुंची, तो उन्होंने एक व्यक्ति को हाथ में पॉलीथीन बैग लिए हुए देखा।
पुलिस को देखते ही वह व्यक्ति घबरा गया और बैग छिपाने की कोशिश करते हुए दिल्ली कैंट की ओर भागने लगा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और सुबह 10:30 बजे उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अर्जुन उर्फ राहुल (30 वर्ष) निवासी शादीपुर, मोती नगर, दिल्ली के रूप में हुई। बैग में क्या है, यह पूछने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
मौके पर ही रंजीत नगर थाने के ड्यूटी ऑफिसर को सूचना दी गई, जिसके बाद एसआई एम. सुनील कुमार और कांस्टेबल शुभम तुरंत मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान बैग से गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन पर तौलने पर 1026.8 ग्राम गांजा निकला। इस मामले में रंजीत नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह गांजा बलजीत नगर इलाके के एक व्यक्ति से लिया था और वह इलाके में इसे बेचकर आसानी से पैसे कमाता था। पुलिस इस जानकारी की पुष्टि कर रही है और सप्लायर की पहचान और ठिकाने का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एसएचओ रंजीत नगर की देखरेख और एसीपी पटेल नगर की निगरानी में एसआई एम. सुनील कुमार, एसआई सुमित सिंह, एचसी सीताराम और अन्य कांस्टेबलों की टीम ने की है। फिलहाल पुलिस बरामद गांजे के स्रोत और इस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में आगे की जांच कर रही है।