CCL कर्मी की चाकू मारकर हत्या, पत्नी को बांधकर हमलावर फरार
इलाके में दहशत है.
सांकेतिक तस्वीर
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के गिद्दी इलाके में घर में घुसकर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के एक कर्मी की हत्या कर दी गई। दो हमलावरों ने मंगलेश कुमार उर्फ हैप्पी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद उन्होंने उनकी पत्नी को रस्सी से बांध दिया और फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत है। पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। मंगलेश कुमार घर में अपनी पत्नी के साथ बैठकर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान दो लोग अचानक घर में दाखिल हुए और उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। पत्नी ने हमलावरों से पति को छोड़ देने की गुहार लगाई। उन्होंने उनसे कहा कि घर में जो कुछ चाहिए, वे ले लें, लेकिन उनके पति को नुकसान न पहुंचाएं।
हालांकि, हमलावरों ने उनकी बात नहीं मानी और मंगलेश पर हमला जारी रखा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने मंगलेश की पत्नी को रस्सी से बांध दिया, ताकि वह तत्काल मदद न मांग सकें। इसके बाद वे मौके से भाग निकले। घटना के बाद महिला किसी तरह आसपास के लोगों तक पहुंचीं या पड़ोसियों को वारदात की जानकारी कैसे मिली, इस बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं है।
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने गिद्दी पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना के क्रम का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि वारदात के पीछे लूटपाट, आपसी रंजिश या कोई अन्य कारण था। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।