नई दिल्ली: वांटेड गो-तस्कर शाहिद उर्फ ‘आडवाणी’ गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे गांव सिलानी के पास फिरोजपुर झिरका की क्राइम स्टाफ (सीएस) टीम तावडू के खड़खड़ी निवासी जुम्मे खां के बेटे शाहिद उर्फ आडवाणी का पीछा कर रही थी.
पीछा किए जाने के दौरान आरोपी ने सीएस स्टाफ पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में हुई क्रॉस फायरिंग के दौरान शाहिद गोली लगने से घायल हो गया. घायल अवस्था में उसे सोहना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
फिलहाल मृतक के शव को सोहना अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है. घटना के बाद थाना प्रबंधक रोजकामेव और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक मृतक शाहिद एक शातिर वांटेड अपराधी था, जिस पर गो-तस्करी के कई मामले दर्ज थे और वह पहले भी एक बार पुलिस हिरासत से भाग चुका था.