दिनदहाड़े कैशियर की गोली मारकर हत्या, 13 राउंड फायरिंग कर फरार हुए बदमाश

CCTV खंगाल रही पुलिस

Update: 2026-06-13 15:34 GMT
Chandigarh चंडीगढ़। शहर में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात में अज्ञात हमलावरों ने एक दुकान के कैशियर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। दो नकाबपोश युवक एक दुकान में पहुंचे और वहां काम कर रहे कर्मचारी जानकी दास पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर दुकान से बाहर निकले, जहां उनका एक साथी मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहा था। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।



पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने कुल 13 राउंड फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल जानकी दास को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक धनास क्षेत्र का निवासी था और दुकान में कैशियर के रूप में कार्यरत था। एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुकान मालिक को किसी प्रकार की धमकी मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, आपराधिक साजिश या कोई अन्य कारण तो नहीं है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। विशेष जांच टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार काम कर रही हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Tags:    

Similar News