मुंबई: कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य और सोलापुर से सांसद प्रणिती शिंदे की फेसबुक पोस्ट पर कथित अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में डॉ. सचिनकुमार शिवाजीराव शेलके के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी सांगली जिले के इस्लामपुर पुलिस थाने में दर्ज की गई है।
एफआईआर के अनुसार, सांसद प्रणिती शिंदे ने 15 अक्टूबर को रात 9:04 बजे फेसबुक पर एक राजनीतिक विषय से संबंधित पोस्ट साझा की थी। आरोप है कि 16 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे डॉ. सचिनकुमार शेलके ने इस पोस्ट पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी की।
इस मामले में महिला कांग्रेस की इस्लामपुर की कार्यकर्ता एडवोकेट मनीषा चंद्रकांत रोटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित टिप्पणी से महिला की गरिमा का अपमान हुआ। शिकायतकर्ता ने टिप्पणी के स्क्रीनशॉट भी पुलिस के पास सबूत के तौर पर जमा किए। शिकायत के आधार पर इस्लामपुर पुलिस ने 22 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शीघ्र ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सोशल मीडिया पर राजनीतिक मतभेद व्यक्त करते समय महिलाओं के खिलाफ अश्लील और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने चिंता जताई है। महाराष्ट्र प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष संध्याताई सव्वालाखे ने कहा, "महिलाओं का अपमान करने वाली ऐसी घटनाओं को महिला कांग्रेस नजरअंदाज नहीं करेगी। महिलाओं की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए हम मजबूती से आवाज उठाएंगे। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई हो, इसके लिए महिला कांग्रेस का प्रयास जारी रहेगा।"

Tags: