DSO समेत 5 पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा, मां ने लगाए चौंकाने वाले आरोप

जानें पूरा मामला.

Update: 2026-07-02 11:46 GMT
सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है. हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी के खिलाफ फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है. यह मुकदमा उनकी मां की शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ है. मामले की जांच डीआईजी सहारनपुर के आदेश पर शुरू कर दी गई है.
दरअसल, सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र की रहने वाली मुनेश रानी ने अपनी बेटी सीमा चौधरी, जो कि हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी हैं, उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के अनुसार सीमा चौधरी ने कथित तौर पर अपनी काली कमाई के 15 लाख रुपये उनकी जानकारी के बिना उनके बैंक खाते में जमा करा दिए. मुनेश रानी का आरोप है कि उनकी संपत्ति से जुड़े फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और उन पर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि सीमा चौधरी कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर एक भूमाफिया गिरोह का हिस्सा है और उनकी संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया गया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि लगातार दबाव और विवाद के चलते उन्हें अपनी जमीन तक बेचनी पड़ी. इस संबंध में सरसावा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था. अब डीआईजी सहारनपुर के आदेश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई तय होगी.
फिलहाल मामला जांच के अधीन है. सीमा चौधरी या अन्य आरोपितों की ओर से इस मामले में सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
Tags:    

Similar News