बेडरूम में घुसे सांड और गाय, देखते ही अलमारी में छिप गई महिला, VIDEO

Update: 2025-03-27 13:06 GMT
Faridabad फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक सांड और गाय घर के बेडरूम में घुस गए. मामला डबुआ के सी ब्लॉक का है. जहां एक सांड और गाय सीधे बेडरूम में घुस गए और बेड पर चढ़कर खूब उत्पात मचाया. इस दौरान घर के अंदर पूजा कर रही महिला डर के मारे अलमारी में छिप गई और फोन कर अपने पति को घटना की जानकारी दी.
राकेश कुमार साहू के घर में यह घटना घटी है. राकेश साहू की पत्नी सपना साहू घर के अंदर पूजा कर रही थी. इस दौरान अचानक कमरे में सांड घुस गया. घबराकर उन्होंने खुद को लकड़ी की अलमारी में बंद कर लिया और पति को फोन कर सूचना दी. राकेश साहू ने बताया कि घटना के समय उनके बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे. वे पास में ही अपनी बुआ के घर गए हुए थे. अगर बच्चे घर पर होते तो बड़ी घटना हो सकती थी. वहीं, घर के पास ही उनकी माता जी एक परचून की दुकान चलाती हैं. जो इस बीच दुकान पर बैठी थीं. सपना घर पर पूजा कर रही थी. घटना के समय घर का मुख्य दरवाजा खुला रह गया था. जिससे गाय और सांड अंदर घुस गए.

सांड ने घर अंदर एक से डेढ़ घंटे तक खूब उत्पात मचाया है. बेड, फर्नीचर और घर में रखे अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया है. पड़ोसियों ने मिलकर लाठी-डंडे, पानी फेंक कर और पटाखे फोड़कर सांड को बाहर निकालने की कोशिश की. लेकिन सांड टस से मस नहीं हुआ. आखिरकार घर के बाहर खड़ी गाय को जब भगाया गया तो उसे देखकर सांड कमरे से बाहर निकला और गली की ओर भाग गया. हालांकि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ.

राकेश साहू ने बताया कि इलाके में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी है. गली में आवारा सांडों और गायों का झुंड अक्सर आपस में लड़ता रहता है. जिससे गलियों में खड़ी गाड़ियों और दुकानों को नुकसान होता है. कई बार नगर निगम को शिकायत दी गई है. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ लोग सुबह-शाम इन गायों का दूध निकालकर उन्हें यूं ही खुला छोड़ देते हैं. जिससे ये समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है. लोगों ने नगर
निगम
से मांग भी की है कि आवारा गायों और सांडों को पकड़कर गौशाला में भेजा जाए. ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.



Tags:    

Similar News