लखनऊ। बिल्डर संदीप सिंह की हत्याकांड का रविवार रात एसटीएफ ने खुलासा कर दिया। एसटीएफ और पीजीआई पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या के साजिश कर्ता प्रापर्टी डीलर दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर लिया। संदीप मूल रूप से जौनपुर जनपद के सिकरारा के टिकारी गांव के रहने वाले थे। संदीप की दिनदहाड़े तीन गोलियां मारकर उनके ही ऑफिस के सामने हत्या कर दी गई थी। हत्या का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह के मुताबिक गिरफ्तार हत्यारोपियों से पूछताछ में पता चला कि दिनेश ने प्रापर्टी की रंजिश के चलते संदीप की हत्या की साजिश रची थी। उसने अपने ड्राइवर मुबीन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए मुबीन को पांच लाख रुपये में सुपारी दी थी। मुबीन ने शूटरों को तैयार किया। फिर साजिश के तहत बुधवार दोपहर दो शूटरों ने बिल्डर संदीप सिंह की हत्या कर दी। एएसपी दीपक सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दिनेश यादव मूल रूप से अंबेडकर नगर के आलापुर इलाके के गोहिला गांव का रहने वाला है। यहां काकोरी के समदा में रहता है। मुबीन अंबेडकर नगर के अलीगंज आशोपुर का है।

एएसबी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पुलिस के साथ ही एसटीएफ की टीम लगाई गई थी। तफ्तीश में पता चला कि वारदात में दिनेश और मुबीन के शामिल होने की जानकारी मिली। लोकेशन के आधार पर मुबीन को डलौना सर्विस लेन अंडर पास के पकड़ा गया। पूछताछ में उसने दिनेश के बारे में जानकारी दी। फिर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में हत्याकांड का खुलासा हुआ। अब शूटरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने फिलहाल बाइक की नंबर प्लेट, 3300 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Tags: