BREAKING VIDEO: हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस, बदमाशों ने दिखाई बंदूक, फिर...

बड़ी खबर

Update: 2024-06-28 16:39 GMT
Ghaziabad. गाजियाबाद। गाजियाबाद के अंकुर विहार Ankur Vihar इलाके में गुरुवार शाम हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस को पिस्टल दिखाकर लोगों ने आरोपी को छुड़ा लिया। इसके बाद जब गाजियाबाद पुलिस पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें एक हेड कांस्टेबल को कंधे में गोली लगी है। पुलिस ने घेराबंदी करके फायरिंग करने वाले बदमाश के भतीजे को पकड़ लिया। उससे लोडेड पिस्टल छुड़ाने के प्रयास में एक और फायर हो गया। ये गोली आरोपी की जांघ में जा लगी। मुख्य आरोपी फरार हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


ये पूरा मामला अंकुर विहार थाना क्षेत्र की डाबर तालाब कॉलोनी का है। यहां रहने वाला बदमाश मन्नू चोरी के मुकदमे में दिल्ली से वांटेड है। दिल्ली के थाना गोकुलपुरी की पुलिस टीम गुरुवार शाम मन्नू को पकड़ने के लिए आई हुई थी। पुलिस ने मन्नू को पकड़ लिया। इतने में मन्नू का भतीजा रेहान पिस्टल लेकर आ गया और पुलिस को पिस्टल दिखाकर उसने मन्नू को छुड़ा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मन्नू के बगल वाले मकान के अंदर बंद हो गए। दिल्ली पुलिस ने तुरंत गाजियाबाद पुलिस को पूरे प्रकरण की सूचना दी। तत्काल लोनी थाने से एक सब इंस्पेक्टर और चार हेड कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। दोनों राज्यों की टीम ने घर में छिपे बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी।
DCP विवेक चंद यादव ने बताया, गाजियाबाद पुलिस ने जैसे ही मकान का दरवाजा खोलना चाहा, अंदर से बदमाश रेहान ने पिस्टल से गोली चलाई। ये गोली हेड कांस्टेबल विजय राठी के कंधे में जा लगी। इससे पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। मौका देखकर बदमाश मन्नू वहां से फरार हो गया, जबकि भतीजे रेहान को पुलिस ने दबोच लिया। रेहान के हाथ में लोडेड पिस्टल थी। पुलिस उसको छुड़ाने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान पिस्टल से एक और फायर हो गया। ये गोली खुद रेहान की जांघ में जा लगी। DCP ने बताया, घायल हेड कांस्टेबल और बदमाश दोनों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मन्नू की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। मन्नू पर गाजियाबाद और दिल्ली में कई मामले दर्ज हैं।
Tags:    

Similar News