BREAKING: मुठभेड़ के बाद दो गौ तस्कर गिरफ्तार

बड़ी खबर

Update: 2024-08-16 16:07 GMT
Saharanpur. सहारनपुर। सहारनपुर के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में दो गोकश गिरफ्तार हुए हैं, जिनके पैर में गोली लगी है। वहीं, तीन अन्य गोकश पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। आरोपी सांड और गाय को पकड़कर गोकशी करते थे। सुबह ही गोवंश के अवशेष मिलने के बाद बजरंग दल के सदस्यों ने हंगामा किया था। शुक्रवार की सुबह रामपुर मनिहारान थाना पुलिस को एक जंगल में गोवंश के अवशेष मिले थे। पुलिस उन्हें दफना रही थी, तभी बजरंग दल के लोग वहां पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी करने वाले आरोपी नया गांव के जंगल में गोकशी की योजना बना रहे हैं।


मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम नया गांव और देहरी के बीच डाक बंगले के पास पहुंची। पुलिस ने गोकशों को सरेंडर करने को कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए और भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए नयागांव के पास सिंचाई विभाग के जंगल से दो आरोपियों, इंतजात उर्फ इंतसार उर्फ काका और इसरार, को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी थी, जिससे वे भाग नहीं पाए। वहीं, तीन अन्य आरोपी फहीम, आशु, और नदीम भागने में सफल रहे। पुलिस ने घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस के अलावा गोकशी का सामान - 2 छोटी कुल्हाड़ियां, 3 छुरे, 3 रस्सियां, और 4 प्लास्टिक के कट्‌टे बरामद किए गए हैं।
Tags:    

Similar News

-->