BREAKING: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आम से भरा ट्रक पलटा, ड्राइवर घायल

बड़ी खबर

Update: 2026-06-28 13:21 GMT
Delhi. दिल्ली। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। झाबुआ जिले के पास आम से भरा आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक आम लेकर एक्सप्रेस-वे से गुजर रहा था, तभी अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसा इतना तेज था कि ट्रक में भरे आम सड़क पर बिखर गए और आसपास का क्षेत्र आमों से भर गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही हादसे की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों तक पहुंची, बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर बिखरे आमों को देखते ही ग्रामीणों में उन्हें लूटने की होड़ मच गई। लोग ट्रक से गिरे आमों को थैलियों, बोरे और हाथों से भरकर अपने साथ ले जाते नजर आए। इसी बीच घायल ट्रक चालक को एक्सप्रेसवे पर मौजूद एंबुलेंस की मदद से तत्काल नजदीकी थांदला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को हटाया और सड़क पर यातायात बहाल करने का काम शुरू किया। ट्रक पलटने की वजह से एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक के पलटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Tags:    

Similar News