Gaya. गया। गया में शुक्रवार देर रात एक नवजात बच्ची को ठंड में कचरे के ढेर में किसी ने छोड़ दिया। बदन पर एक कपड़ा नहीं था। ठंड में ठिठुरती बच्ची रात भर रोती रही। आज सुबह करीब 11 बजे कचरा चुनने वाले किशोर ने रोने की आवाज सुनी तो वो बच्ची की ओर बढ़ा। उसने देखा कि एक झोले में बच्ची पड़ी हुई है। बच्ची को देखकर किशोर ने शोर मचाया। आसपास के लोग इकट्ठा हुए, काफी देर तक वहां भीड़ लगी रही। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला ने बच्ची को कचरे से निकाला और कंबल से उसे ढंका। पुलिस को भी सूचना दी। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिक्स लेन पुल के नीचे की है।
मुफस्सिल थाना पुलिस महिला कांस्टेबल के साथ मौके पर पहुंची। नवजात को तत्काल चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (सीडब्ल्यूसी) के हवाले कर दिया। विशेष दत्तक ग्रहण संस्थान, गया के समन्वयक ने नवजात को स्वास्थ्य जांच के बाद संस्थान में आवासित कराया। संस्थान ने अपील की है कि अगर किसी को नवजात बच्चा मिले तो तुरंत 1098 पर सूचना दें। संस्थान में अब तक 4 बच्चे ऐसे हैं जो लावारिस मिले हैं। सभी स्वस्थ्य हैं। अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण ने बताया कि बच्ची को बचा लिया गया है उसका हेल्थ चेकअप कराया गया था। वह स्वस्थ है, उसकी देखभाल और पालन पोषण के लिए प्रशासन के आदेश पर दत्तक ग्रहण संस्थान को सौंप दिया गया है।