Delhi दिल्ली। दिल्ली पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, 43 IPS और DANIPS अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला और नई जिम्मेदारियों पर नियुक्ति की गई है। यह आदेश 18 अगस्त 2026 को जारी किया गया। दिल्ली के उपराज्यपाल की मंजूरी और पुलिस स्थापना बोर्ड की सिफारिश के बाद अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया गया है। इस फेरबदल में स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस, ज्वाइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर और डीसीपी स्तर के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कई बड़े अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार, स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस गरिमा भटनागर को स्पेशल CP/EOW के साथ DCPHL का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं स्पेशल CP ट्रैफिक मनीष अग्रवाल को स्पेशल CP/PSD की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजय चौधरी को स्पेशल CP/ट्रैफिक बनाया गया है। जबकि डेविड लारिनसांगा को स्पेशल CP/OPS (PCR और Communication) के साथ SPUWAC का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अतुल कटियार को स्पेशल CP/वेलफेयर और लीगल डिवीजन की जिम्मेदारी दी गई है। के. जगदीशन को स्पेशल CP/इंटेलिजेंस डिवीजन बनाया गया है।
ज्वाइंट CP और एडिशनल CP स्तर पर बदलाव
तबादला सूची में कई ज्वाइंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों को भी नई तैनाती दी गई है। दीपक पुरोहित को ज्वाइंट CP/लाइसेंसिंग की जिम्मेदारी मिली है। नूपुर प्रसाद को ज्वाइंट CP/न्यू दिल्ली रेंज बनाया गया है। अजय कृष्ण शर्मा को ज्वाइंट CP/हेडक्वार्टर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कई अधिकारियों को वेस्टर्न रेंज, स्पेशल ब्रांच, ट्रैफिक, IF&SO और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में तैनात किया गया है।
डीसीपी स्तर पर भी हुआ फेरबदल
दिल्ली पुलिस में डीसीपी स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। आदेश के मुताबिक कई जिलों के डीसीपी बदले गए हैं और कुछ अधिकारियों को तकनीकी, स्पेशल ब्रांच, ट्रैफिक और ऑपरेशन से जुड़े विभागों में भेजा गया है। डीसीपी साउथ ईस्ट, डीसीपी स्पेशल ब्रांच, डीसीपी टेक्निकल एंड पीआई, डीसीपी PCR समेत कई पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की कोशिश
गृह विभाग के आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे। दिल्ली पुलिस में यह फेरबदल कानून व्यवस्था, प्रशासनिक दक्षता और विभागीय कामकाज को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। अधिकारियों के अनुभव और जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए नई तैनाती की गई है। माना जा रहा है कि यह बदलाव दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।