BREAKING: बप्पा की विदाई के बीच हादसा, नहर में डूबे तीन दोस्त
दोस्त को बचाने नहर में कूदे 2 युवक, तीनों डूबे
Bahadurgarh. बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रोहद गांव के पास से गुजरने वाली एनसीआर नहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन युवक डूब गए। इनमें से एक युवक का शव कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य युवकों की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए 24 वर्षीय अजय नहर में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अजय को पानी में संघर्ष करते देखकर उसके साथी शिवकांत और नीतेश उसे बचाने के लिए नहर में कूद गए।
बताया जा रहा है कि तेज बहाव और गहरे पानी के कारण तीनों युवक नहर में डूब गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने युवकों की तलाश शुरू की और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद अजय का शव नहर से बरामद कर लिया गया। वहीं शिवकांत और नीतेश का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दोनों की तलाश के लिए नहर और आसपास के क्षेत्रों में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही आसौदा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को भी सूचना दी गई है। स्थानीय लोग भी लापता युवकों को खोजने में मदद कर रहे हैं।
गणपति विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस और बचाव दल की प्राथमिकता नहर में लापता दोनों युवकों का जल्द से जल्द पता लगाना है। नहर के आसपास मौजूद लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। फिलहाल शिवकांत और नीतेश की तलाश जारी है।