BREAKING: खेत के कुएं में मिली युवक की सड़ी-गली लाश, बदबू से लोग थे परेशान

फैली सनसनी

Update: 2025-06-14 13:53 GMT
Neemuch. नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में एक बार फिर एक रहस्यमयी मौत ने लोगों को चौंका दिया है। शनिवार दोपहर को मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत मनासा-रामपुरा मार्ग पर स्थित हाडी पिपलिया गांव के समीप एक खेत में बने कुएं में अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय किसान इंद्रमल पाटीदार अपने खेत में बने कुएं पर पहुंचे। कुएं की ओर जाते वक्त उनकी नजर पानी में तैरते हुए एक शव पर पड़ी। पहले तो उन्हें यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब उन्होंने पास जाकर देखा तो पूरा मामला साफ हो गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत मनासा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कुएं से बाहर निकाला गया
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवकुमार रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला और फिर शव वाहन के माध्यम से उसे मनासा के शासकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसकी हाइट करीब 5 फीट 2 इंच है। शव पर काली टी-शर्ट और काली पैंट पहनी हुई थी। शव पूरी तरह से सड़-गल चुका था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह चार से पांच दिन पुराना हो सकता है। पानी में ज्यादा समय तक रहने की वजह से शरीर फुल गया है और काफी हद तक क्षत-विक्षत भी हो चुका है।
हत्या, आत्महत्या या हादसा? सभी पहलुओं पर जांच
थाना प्रभारी शिवकुमार रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि शव पर प्रारंभिक तौर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे यह कहना अभी मुश्किल है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या अथवा कोई दुर्घटना। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। साथ ही यह भी बताया कि मनासा थाना क्षेत्र में बीते कुछ दिनों में किसी भी व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज नहीं की गई है, जिससे शव की पहचान करना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
पहचान के लिए सोशल मीडिया और थानों में फोटो भेजी गई
शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने आसपास के जिलों और थानों को मृतक की फोटो और जानकारी भेजी है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी फोटो साझा कर आम जनता से पहचान सुनिश्चित करने में मदद की अपील की गई है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भय और आशंका का माहौल है। स्थानीय लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। वहीं पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर तथ्य इकट्ठा करने में लगी हुई है।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
हाडी पिपलिया और आसपास के इलाकों में इस रहस्यमयी शव मिलने की घटना के बाद से दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का मामला पहले कभी सामने नहीं आया था। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस गुत्थी को कितनी जल्दी सुलझा पाती है और मृतक की पहचान कर उसके परिवार तक जानकारी पहुंचा पाती है।
Tags:    

Similar News