कांग्रेस नेता के घर के पास बम धमाका, VIDEO वायरल...
बड़ा हमला टला कांग्रेस नेता के घर के बाहर फेंका विस्फोटक
IMPHAL इंफाल। मणिपुर के थौबल जिले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विधायक केइशम मेघाचंद्र सिंह के घर के पास बम धमाके की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना 3 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे यारइपोक इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात हमलावर ने कांग्रेस नेता के घर को निशाना बनाकर विस्फोटक फेंका, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ।
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं और हमले का उद्देश्य क्या था, इसकी जांच की जा रही है। अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
कांग्रेस नेता के घर के पास हुए इस विस्फोट के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और हमलावरों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य सुरागों की जांच कर रही है। मणिपुर में पहले भी सुरक्षा से जुड़े कई मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधि के घर के पास हुए इस धमाके को गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।